वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बस्ती मंडल के नवागत मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने गुरुवार की शाम बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर तथा कांवड़ यात्रा मार्ग का व्यापक निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ संचालित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त सबसे पहले बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालयों तथा पार्किंग स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया।
इसके उपरांत मंडलायुक्त ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा संवेदनशील स्थलों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही चिकित्सा टीमों, एंबुलेंस सेवाओं और आपातकालीन सहायता केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येंद्र भूषण तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment