वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना कोतवाली पुलिस एवं साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तनिष्क शोरूम बस्ती में आईएमपीएस (आईएमपीएस) भुगतान के माध्यम से धोखाधड़ी कर सोने का सिक्का खरीदने के मामले में फरार चल रहे तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, विभिन्न पहचान पत्र, सिम कार्ड तथा एक लाख 75 हजार 390 रुपये नकद सहित पांच नेपाली रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 333/2026, धारा 316(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 66डी सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज मामले में आरोप था कि अभियुक्तों ने तनिष्क शोरूम बस्ती से 2 लाख 37 हजार 407 रुपये का सोने का सिक्का खरीदकर आईएमपीएस भुगतान के माध्यम से धोखाधड़ी की थी।
इस मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त सिद्धांत पुत्र अजय, फूलचन्द्र पुत्र इन्द्रजीत तथा मयंक प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय विनोद कुमार सिंह को 6 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे एपीएन डिग्री कॉलेज ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, दो ड्राइविंग लाइसेंस, तीन सिम कार्ड, 1,75,390 रुपये भारतीय मुद्रा तथा पांच नेपाली रुपये बरामद किए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता की भी बढ़ोतरी करते हुए आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा इस धोखाधड़ी से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों के संबंध में भी पड़ताल की जा रही है।

No comments:
Post a Comment