वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
हरदोई। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ द्वारा "विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम तथा नशा मुक्त जन-जागरूकता अभियान" के अंतर्गत जिला पंचायत सभागार, हरदोई में एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करना तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। इस दौरान विभाग से पंजीकृत कलाकारों ने नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्त भारत अभियान और विकसित भारत के संकल्प का प्रभावी संदेश दिया।
मुख्य अतिथि श्रीमती प्रेमावती ने कहा कि नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि पी.के. वर्मा ने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है। समाज और शासन के संयुक्त प्रयासों से ही स्थायी परिवर्तन संभव है तथा सकारात्मक सहभागिता से नशामुक्त और विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपायुक्त श्रम एवं रोजगार संतोष सिंह, खंड विकास अधिकारी सुरसा कविता अवस्थी, खंड विकास अधिकारी अहिरोरी कामरान नुमानी तथा क्षेत्रीय मद्य निषेध अधिकारी रमेश कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सारिका सिंह ने किया। इस दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment