वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। आगामी 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाए जाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने राष्ट्रीय पर्व को पारंपरिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने पर सहमति जताई। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्रीय एकता के प्रतीक स्वरूप सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाया।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से संबंधित सभी प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि जिन अधिकारियों को जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उनका पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राष्ट्रीय पर्व उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त की सुबह 8 बजे सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। आयोजन स्थलों एवं प्रतिमा स्थलों की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों तथा ग्राम पंचायतों के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों, नागरिक संगठनों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों द्वारा तिरंगा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। शिक्षण संस्थानों में आजादी के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी तथा उनकी स्मृति में युवा कवि सम्मेलन, राष्ट्रभक्ति पर आधारित कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार, उपकृषि निदेशक अशोक कुमार, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, एसीएमओ डॉ. ए.के. चौधरी, एलडीएम आर.एन. मौर्य, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, डीपीआरओ घनश्याम सागर, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, जीआईसी के प्रधानाचार्य डॉ. विजय वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment