वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत (MY Bharat) केंद्र गोरखपुर के तत्वावधान में 9 अगस्त 2026 (रविवार) को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत भव्य नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा समाज में नशा मुक्त वातावरण के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
माय भारत केंद्र गोरखपुर की जिला युवा अधिकारी सीमा पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम में आयोजित सभी प्रतियोगिताओं में केवल वही युवा प्रतिभाग कर सकेंगे, जिन्होंने पहले से माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि पंजीकृत युवाओं को ही 9 अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वाद-विवाद, रील एवं शॉर्ट फिल्म निर्माण, संगीत एवं रैप प्रस्तुति, स्लैम पोएट्री (कविता पाठ), नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, स्लोगन लेखन, थीम आधारित नृत्य तथा नशा मुक्ति ऑनलाइन क्विज जैसी विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से युवा समाज में नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
जिला युवा अधिकारी ने जनपद के सभी माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों से समय पर महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय पहुंचकर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नशा मुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण के लिए एक जनआंदोलन है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment