वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। सड़क सुरक्षा एवं स्कूली वाहनों के मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आर.डी. सरमाउंट इंटरनेशनल स्कूल के दो वाहनों को आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में निरुद्ध कर दिया गया।
अभियान के दौरान वाहन संख्या यूपी 51 टी 9688 की जांच में पाया गया कि उसकी फिटनेस 3 अगस्त 2016 तथा परमिट 18 सितंबर 2019 को ही समाप्त हो चुका है। वहीं वाहन संख्या यूपी 51 टी 8716 की फिटनेस 6 अगस्त 2024, बीमा 26 जुलाई 2024 तथा प्रदूषण प्रमाणपत्र 24 जनवरी 2024 से समाप्त पाया गया। आवश्यक अभिलेख वैध न होने के कारण दोनों वाहनों को नियमानुसार निरुद्ध कर दिया गया।
परिवहन विभाग ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि विद्यालय के नाम पंजीकृत सभी वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण सहित अन्य आवश्यक प्रपत्र समय से अद्यतन कराकर ही उनका संचालन सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में मानकों के अनुरूप एवं वैध दस्तावेजों के बिना संचालित मिलने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध चालान एवं निरुद्धीकरण जैसी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार मौर्य, यात्रीकर अधिकारी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव तथा प्रवर्तन दल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment