<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, August 18, 2026

हाउस टैक्स वसूली स्थगित, 2500 आवासों के आवेदन भेजने का लक्ष्य

बस्ती। नगर पंचायत नगर में हाउस टैक्स वसूली फिलहाल स्थगित कर दी गई है। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय स्थित अटल भवन के अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह स्मृति सभागार में हुई बोर्ड की बैठक में अध्यक्ष नीलम सिंह राना के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बोर्ड ने नगर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए।

बैठक में तय हुआ कि हाउस टैक्स सर्वे में मिली अनियमितताओं को दूर करने के बाद शासन के निर्देशानुसार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से न्यूनतम टैक्स वसूली निर्धारित की जाएगी। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना-2 के तहत पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए कम से कम 2500 आवासों के आवेदन भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए बाहर न जाना पड़े, इसके लिए नगर पंचायत कार्यालय में ही ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
लोक निर्माण विभाग की करीब आधा दर्जन सड़कों के पुनरुद्धार के लिए शासन-प्रशासन को पुनः पत्र भेजा जाएगा। नगरीय वाटर सप्लाई टंकी को एक सप्ताह में हैंडओवर कराने पर जोर दिया गया। छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए एक माह के भीतर पशु पकड़ने का यंत्र खरीदकर उन्हें नगर पंचायत की गोशाला में रखने की व्यवस्था की जाएगी। सरकारी जमीनों की सुरक्षा के लिए अस्थाई चारदीवारी बनाने का भी निर्णय लिया गया।
महादेव मंदिर स्थल और अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह के ऐतिहासिक राजकोट स्थल के विकास कार्य एक माह में पूरा कराने का निर्णय हुआ। नगर जूनियर हाईस्कूल में निर्माणाधीन अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला भवन को इसी माह विद्यार्थियों को समर्पित करने की तैयारी है। सभी 15 वार्डों में राज्य वित्त आयोग की निधि से छोटे विकास कार्य कराने तथा बिहौती कुओं और स्थानीय पूजा स्थलों के विकास का निर्णय भी लिया गया।
पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर बोर्ड ने प्रसन्नता जताई और इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि नगर को देश के नक्शे पर पहचान दिलाने के लिए प्रयास जारी रहेगा। स्वस्थ, स्वच्छ, सुंदर और समृद्ध नगर बनाना प्राथमिकता है। अधिशासी अधिकारी श्रृष्टि सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भेदभाव रहित विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
बैठक में सभासद सोनी सोनकर, रंजना कुमारी, राजेश पाण्डेय, दिनेश चौरसिया, राम सजन यादव, राजकुमार चौधरी, वीरेन्द्र कुमार, सत्यराम निषाद, अखिलेश यादव, विजय साहनी, संदीप कुमार, भानु प्रताप रावत, प्रदीप निषाद और राम चन्द्र सोनकर ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं सदन के समक्ष रखीं।

No comments:

Post a Comment

Pages