बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चन्द्रिका सिंह एवं जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में सोमवार को शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर कार्रवाई, जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों के पारिश्रमिक का भुगतान तथा बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि जनपद में बड़ी संख्या में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित हो रहे हैं। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होने के साथ ही परिषदीय विद्यालयों के नामांकन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संगठन ने ऐसे विद्यालयों को तत्काल बंद कर संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की।
शिक्षक संघ ने जनगणना कार्य पूरा कर चुके शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों के प्रशिक्षण मानदेय और पारिश्रमिक का शीघ्र भुगतान कराने की भी मांग उठाई। संगठन का कहना है कि प्रदेश के कई जनपदों में भुगतान हो चुका है, जबकि बस्ती में अब तक संबंधित कार्मिकों को धनराशि नहीं मिली है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए ज्ञापन में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर कार्रवाई, नामांकन के नाम पर शिक्षकों को बार-बार नोटिस जारी कर मानसिक उत्पीड़न बंद करने, कंपोजिट ग्रांट से जुड़े अनावश्यक अभिलेखों की मांग समाप्त करने, चयन एवं प्रोन्नति वेतनमान की प्रक्रिया समयबद्ध करने, वरिष्ठता सूची प्रकाशित करने, टैबलेट सिम की इंटरनेट सेवा बहाल कराने तथा पेयर विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष चन्द्रिका सिंह ने कहा कि शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर लंबित समस्याओं के कारण उनमें असंतोष बढ़ रहा है। वहीं जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षक संघ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, जिला उपाध्यक्ष रवीश मिश्र सहित विवेक कांत पाण्डेय, संजय यादव, मंगला मौर्य, सनद पटेल, बृजेश त्रिपाठी, सुरेश गौड़, अनिल पाठक, राम भवन यादव, हरेंद्र यादव, विनोद यादव, सुधीर तिवारी, डॉ. प्रमोद सिंह, अविनाश दूबे, विवेक प्रताप सिंह, गिरजेश सिंह, राम ललित, मोहम्मद असलम, अमित सिंह, मुरलीधर, चंदन श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, जितेंद्र पाण्डेय, रमाशंकर लाल, लक्ष्मण दूबे, शिवरतन, गिरजेश चौधरी, राहुल उपाध्याय एवं विनोद चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment