वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा विभिन्न विशेषज्ञों के साथ आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य कैंसर टास्क फोर्स एवं उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में चरणबद्ध तरीके से कैंसर उपचार सुविधाओं का विस्तार किया जाए तथा प्रत्येक मंडल में आधुनिक कैंसर केंद्र स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कैंसर की रोकथाम, समयबद्ध स्क्रीनिंग, शीघ्र निदान और गुणवत्तापूर्ण उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं एवं अन्य गंभीर आपात स्थितियों में घायलों को 'गोल्डन ऑवर' के भीतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में एकीकृत ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, त्वरित और तकनीक आधारित बनाया जाए।
उन्होंने मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, ट्रॉमा केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डिजिटल रेफरल प्रणाली विकसित करने तथा एंबुलेंस, बेड उपलब्धता और उपचार सुविधाओं की रियल-टाइम मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को केवल उपचार तक सीमित न रखकर रोकथाम, शीघ्र पहचान, गुणवत्तापूर्ण उपचार, पुनर्वास, अनुसंधान और तकनीक आधारित समन्वित स्वास्थ्य प्रणाली के रूप में विकसित किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कार्मिकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा के समन्वय में पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग, योग एवं आयुष आधारित सेवाओं को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक सशक्त बनाया जाना चाहिए।

No comments:
Post a Comment