वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार एवं सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता आनंद कुमार मिश्रा ने मेहदावल और सेमरियावां क्षेत्र में सहकारी समितियों तथा निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध पाया गया तथा किसानों से वितरण व्यवस्था के संबंध में फीडबैक भी लिया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से आवश्यकता के अनुसार ही खाद खरीदने तथा प्रत्येक खरीद पर दुकानदार से कैश मेमो अथवा रसीद अवश्य लेने की अपील की। निरीक्षण के दौरान साधन सहकारी समिति लोहरौली खास (भगौसा) के सचिव द्वारा गोदाम का निरीक्षण नहीं कराए जाने पर समिति का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही एडीओ सहकारिता को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बिग्रामीर स्थित भितिया कला समिति के निरीक्षण में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर खाद का वितरण किया जाता पाया गया। यहां उर्वरक का पर्याप्त भंडार उपलब्ध था तथा स्टॉक रजिस्टर और स्टॉक बोर्ड के अभिलेखों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दो निजी उर्वरक विक्रेता दुकान बंद कर मौके से चले गए, जिस पर संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने मेहदावल एवं सेमरियावां क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों, डीसीएफ केंद्रों और निजी खाद-बीज भंडारों का निरीक्षण कर उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment