वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से जनपद में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से द्विवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के तहत तहसीलों एवं विकास खंडों के स्वरोजगार में रुचि रखने वाले युवाओं और अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यशाला का आयोजन 28 जुलाई 2026, मंगलवार को तहसील धनघटा के ग्राम पंचायत इटौवा स्थित पिकौरा दुर्गा मंदिर परिसर में किया जाएगा। कार्यशाला में उद्योग स्थापना, ऋण सहायता, प्रशिक्षण तथा स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि उद्योग स्थापित करने के इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय बैंक चौराहा, पुरानी तहसील, नजारत भवन, खलीलाबाद में कार्यालय दिवस के दौरान आवेदन एवं पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन के साथ पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं एवं स्वरोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों से कार्यशाला में भाग लेकर विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
No comments:
Post a Comment