वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। परिक्षेत्रीय कार्यालय बस्ती के सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी की अध्यक्षता में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, महिला सुरक्षा तथा साइबर अपराधों की रोकथाम सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीआईजी संजीव त्यागी ने लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, वांछित, पुरस्कार घोषित, जिला बदर तथा गैर जमानती वारंट वाले अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चोरी, वाहन चोरी और गो-तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के साथ महिला अपराध, अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार तथा पाक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जनपद स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना लागू करने, संदिग्ध मोबाइल और आईएमईआई नंबर अधिकाधिक ब्लॉक कराने, विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर समयबद्ध डाटा फीडिंग तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई सहित सभी शिकायत पोर्टलों पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला गुमशुदाओं की शत-प्रतिशत बरामदगी, गैंगस्टर अधिनियम के तहत संपत्ति जब्ती, ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन साईंवज्र तथा अन्य विशेष अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया।
गोष्ठी में विभागीय जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, कम्यूनिटी पुलिसिंग, दिव्यांगजन संवाद, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए शून्य दुर्घटना योजना के अंतर्गत यातायात कार्ययोजना तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment