वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) 2026-27 के सफल संचालन एवं ऑनलाइन पंजीकरण अभियान को गति देने के लिए राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बस्ती में जनपद स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार के संरक्षण में सम्पन्न हुआ, जिसमें माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के विज्ञान शिक्षक तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने विद्यालयों को कक्षा 6 से 12 तक के पात्र विद्यार्थियों की दो सदस्यीय टीम बनाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने शिक्षकों से स्थानीय समस्याओं पर आधारित शोध परियोजनाएं तैयार कराने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने का आह्वान किया।
जिला समन्वयक आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष की थीम "सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार" है। उन्होंने अवशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल, कृषि एवं स्वास्थ्य तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली जैसे उप-विषयों पर शोध आधारित परियोजनाएं तैयार करने की जानकारी दी। जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) राकेश कुमार पांडे ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण 31 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। प्रत्येक टीम में दो बाल वैज्ञानिक और एक गाइड शिक्षक होंगे तथा प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित होगी।
कार्यशाला में शोध परियोजना, रिपोर्ट लेखन, प्रस्तुतीकरण एवं मूल्यांकन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में जनपद के सभी शासकीय, सहायता प्राप्त, निजी, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों के विद्यालयों से अधिकाधिक छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कराने की अपील की गई।

No comments:
Post a Comment