वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, बस्ती में महान संत, समाज सुधारक एवं दार्शनिक संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले 'समरसता संकल्प अभियान' की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक अभिषेक कुमार ने किया। सह-संयोजक राजेंद्र राजभर, प्रदीप निषाद, संतोष कुमार गौतम और प्रमोद कनौजिया भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने संत रविदास जी के प्रसिद्ध दोहे "ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न..." का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी सामाजिक समरसता और समानता की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी संत रविदास मंदिरों और मठों में 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को मंदिरों की साफ-सफाई, संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा प्रत्येक मंडल से रविदास मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। 29 जुलाई से 14 अगस्त तक विभिन्न स्थानों पर सामाजिक समरसता और भक्तिभाव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास ने "कर्म ही सच्ची पूजा है" का संदेश दिया और बताया कि मनुष्य अपनी जाति या जन्म से नहीं, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों से महान बनता है। "मन चंगा तो कठौती में गंगा" का उनका संदेश आज भी समाज को आडंबरों से दूर रहकर सदाचार और पवित्रता का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है।
बैठक को पूर्व विधायक रवि सोनकर, ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ल, योगेंद्र सिंह, राकेश श्रीवास्तव, रामायण सिंह, दुष्यंत विक्रम सिंह, पुष्करादित्य सिंह, अंकुर वर्मा, प्रबल मालानी, अमृत कुमार वर्मा और प्रेम प्रकाश चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला संगठन के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


No comments:
Post a Comment