वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। नगर पंचायत नगर की अध्यक्ष नीलम सिंह राना के नेतृत्व में शनिवार को मासिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह छह बजे से ही अध्यक्ष सैकड़ों सफाई कर्मियों के साथ नगर के राजा उदय प्रताप नगर वार्ड स्थित ऐतिहासिक तालाब पर पहुंचीं और स्वयं करीब तीन घंटे तक सफाई अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर तालाब को पूरी तरह स्वच्छ बनाने की कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
नीलम सिंह राना ने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार भी। उन्होंने नगरवासियों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत नगर में विकास कार्यों के साथ नियमित जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को स्वच्छता अभियान, दूसरे मंगलवार को योग दिवस एवं वृद्धजन सम्मान, प्रत्येक सोमवार को जनता दर्शन तथा अंतिम रविवार को श्रीराम धाम निःशुल्क यात्रा का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों के लिए अब्दुल कलाम स्मृति पुरस्कार योजना, जरूरतमंदों के लिए अध्यक्ष विवेकाधीन कोष, गरीब परिवारों को निःशुल्क शव वाहन सुविधा तथा संस्कार सहभागिता योजना के तहत अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने जैसी योजनाएं भी संचालित हैं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध नगर का निर्माण जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सबसे बड़ी सामाजिक सेवा है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
अभियान में सभासद राज कुमार चौधरी, राम नारायण यादव, नगर पंचायत के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment