गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को गोरखपुर जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग में हलचल मचा दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की इमरजेंसी, वार्डों और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर इलाज एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कई मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इस पर उन्होंने मौजूद अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इमरजेंसी वार्ड में एयर कंडीशनर (एसी) की व्यवस्था नहीं मिलने पर उपमुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल एसी स्थापित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोरखपुर जिला अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा तथा निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में बृजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राजनीतिक सवालों के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल से जुड़े मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने धन्नीपुर में प्रस्तावित बाबरी मस्जिद निर्माण के लिए सरकार द्वारा आवंटित भूमि तथा उसके लिए एकत्रित चंदे का भी उल्लेख करते हुए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस चंदे का हिसाब भी सार्वजनिक होना चाहिए। कांग्रेस सांसद की टिप्पणी के संबंध में उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है और संबंधित एजेंसियां नियमानुसार कार्रवाई करेंगी।
डिप्टी सीएम के औचक निरीक्षण के बाद अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उनके निर्देशों का असर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर कितनी जल्दी दिखाई देता है और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं कब तक उपलब्ध हो पाती हैं।

No comments:
Post a Comment