वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। आरसीसी पब्लिक स्कूल, बस्ती के लिए इस वर्ष अत्यंत गौरव और हर्ष का अवसर रहा, जब विद्यालय के तीन मेधावी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय के छात्र हर्ष मौर्या ने 720 में से 621 अंक प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 4953वीं रैंक, अभय मिश्रा ने 569 अंक के साथ 8989वीं रैंक तथा अनुराग वर्मा ने 569 अंक प्राप्त कर 11574वीं रैंक हासिल की। तीनों विद्यार्थियों की सफलता ने विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को एक बार फिर प्रमाणित किया है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के निदेशक शैलेश चौधरी एवं प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने तीनों सफल विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
निदेशक शैलेश चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी कठिन मेहनत, दृढ़ संकल्प, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने कहा कि तीनों विद्यार्थियों की उपलब्धि विद्यालय के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और जनपद का नाम रोशन करते रहेंगे।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल चिकित्सा जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

No comments:
Post a Comment