<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, July 17, 2026

पॉलिटेक्निक चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की उम्मीद जगी, डीपीआर पहुंची सक्षम प्राधिकारी के पास


बस्ती। शहर के सबसे व्यस्त और जामग्रस्त पॉलिटेक्निक चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण की वर्षों पुरानी मांग अब साकार होती नजर आ रही है। पूर्व रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य एवं व्यापारी नेता गौरव गुप्ता 'विक्की' के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। संबंधित विभाग ने प्रस्तावित ओवरब्रिज की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत कर दी है। अब मंजूरी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
गौरव गुप्ता 'विक्की' ने बताया कि पॉलिटेक्निक चौराहे पर प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए वह लंबे समय से ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं संबंधित विभागों से लगातार पत्राचार कर जनहित का मुद्दा मजबूती से उठाया।
उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व विभाग से प्राप्त पत्र में अवगत कराया गया था कि डीपीआर तैयार करने का कार्य चल रहा है। प्रारंभिक स्तर पर कुछ तकनीकी विसंगतियां सामने आने के कारण उनमें आवश्यक संशोधन किए गए। विभाग ने आश्वस्त किया था कि डीपीआर पूरी होने के बाद इसे सक्षम प्राधिकारी के समक्ष अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।
अब विभाग से प्राप्त नवीनतम पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित स्थल की डीपीआर तैयार कर ली गई है और प्रस्ताव वर्तमान में सक्षम प्राधिकारी के समक्ष विचाराधीन है। अनुमोदन प्राप्त होते ही नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
गौरव गुप्ता 'विक्की' ने कहा कि पॉलिटेक्निक चौराहे पर ओवरब्रिज बनने से शहरवासियों को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत मिलेगी। यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा आम लोगों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित की इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र स्वीकृति मिलेगी और जल्द ही निर्माण कार्य धरातल पर दिखाई देगा।

No comments:

Post a Comment

Pages