<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, July 16, 2026

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। आगामी श्रावण माह में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट, विश्राम स्थल, कंट्रोल रूम, साइन बोर्ड तथा ट्रैफिक व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी थानाध्यक्षों को कांवड़ समितियों के साथ बैठक कर सुझाव लेने को कहा गया।

उन्होंने पीडब्ल्यूडी को यात्रा मार्गों के गड्ढों की मरम्मत, एनएचएआई को अवैध कट बंद कराने, झाड़ियों की कटाई और बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को पोल सुरक्षित करने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, जबकि स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविरों में चिकित्सकों के साथ स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और खुली नालियों को ढकने के भी निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को सुरक्षा व्यवस्था समय से पूरी करने, संवेदनशील मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा सीसीटीवी से निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान भड़काऊ गीतों पर रोक रहेगी, मांस-मछली की दुकानें बंद रहेंगी और अस्थायी दुकानदारों का सत्यापन कराया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Pages