वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
कलवारी, बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के गोविंदापुर दहलवा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की पिटाई करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोविंदापुर दहलवा गांव निवासी महंगू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 जुलाई को दोपहर लगभग दो बजे उनका पुत्र विकास गांव के पास स्थित दहलवा चौराहे पर सामान खरीदने गया था। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के संजय और गौरव ने उसे अकेला पाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने लोहे की पाइप तथा लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर, पैर और गले में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार घटना के बाद विकास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर महंगू मौके पर पहुंचे और डायल 112 तथा 108 पर सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार जारी है।
प्रभारी निरीक्षक कलवारी संतोष कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment