वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, बस्ती के तत्वावधान में जीवीएम कॉन्वेंट स्कूल में "जनसंख्या नियंत्रण : वर्तमान समय की आवश्यकता" विषय पर विचार संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, विशिष्ट अतिथि आईएमए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अंकित चतुर्वेदी तथा सभापति संतोष सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या देश के समक्ष गंभीर चुनौती बन चुकी है। सीमित परिवार अपनाकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, कुपोषण की रोकथाम तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने परिवार नियोजन के प्रति स्वयं जागरूक होने और समाज को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
आईएमए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। महिलाओं की शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और परिवार नियोजन संबंधी सही जानकारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। डॉ. अंकित चतुर्वेदी ने कहा कि छोटा परिवार ही खुशहाल परिवार की पहचान है तथा बच्चों की बेहतर शिक्षा और स्वस्थ जीवन के लिए सीमित परिवार आवश्यक है।
सभापति संतोष सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। यदि प्रत्येक परिवार जिम्मेदारीपूर्वक परिवार नियोजन अपनाए तो समाज और राष्ट्र दोनों का भविष्य सुरक्षित एवं समृद्ध होगा। उपसभापति एल.के. पाण्डेय ने बढ़ती जनसंख्या के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण पर पड़ रहे प्रभावों की चर्चा करते हुए जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच बढ़ती आबादी विकास की गति को प्रभावित करती है। रेडक्रॉस सोसाइटी स्वास्थ्य और जनजागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम संयोजक राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि संगोष्ठी का उद्देश्य समाज में जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, जबकि संचालन कर रहे सदस्य इमरान अली ने इसे प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व बताया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, आईएमए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अंकित चतुर्वेदी, डॉ. श्वेता तिवारी तथा जीवीएम कॉन्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या विजय लक्ष्मी सिंह को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर महेन्द्र तिवारी, राकेश श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, राजश्री सिंह, दृष्टि, अंशिका सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment