<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, July 11, 2026

शहीद अग्निवीर नरेन्द्र के परिजनों को सपा ने दी एक लाख की आर्थिक सहायता

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। मुण्डेरवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 पटेल नगर, उमरी अहरा निवासी 22 वर्षीय अग्निवीर नरेन्द्र कुमार यादव की शहादत से क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं बस्ती सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव, विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी तथा विधायक कवीन्द्र चौधरी 'अतुल' के नेतृत्व में सपा का एक प्रतिनिधिमंडल शहीद अग्निवीर के आवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा समाजवादी पार्टी की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिया।

बताया गया कि नरेन्द्र कुमार यादव वर्ष 2024 में अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे। 24 नवंबर 2024 को बेंगलुरु में छह माह का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी तैनाती राजस्थान के बीकानेर में हुई थी। गत 4 जुलाई को देश सेवा के दौरान उनका निधन हो गया।

इस अवसर पर महेन्द्रनाथ यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार ने देश की सेवा करते हुए अपना बेटा खोया है और इस पीड़ा को वही समझ सकता है जिसने अपना प्रियजन खोया हो। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने शुरू से ही अग्निवीर योजना का विरोध किया है और उनकी मांग है कि अग्निवीरों को भी नियमित सैनिकों की तरह सभी सुविधाएं तथा शहादत का पूर्ण सम्मान और दर्जा दिया जाए।

उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हर स्तर पर सहयोग करती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत अग्निवीर नरेन्द्र कुमार यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages