वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मेरा युवा भारत (माय भारत) के तत्वावधान में जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर चर्चा की गई तथा 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलने वाले सघन युवा पंजीकरण अभियान के पोस्टर का अनावरण किया गया।
जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने माय भारत की पृष्ठभूमि, उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों और महाविद्यालयों में अधिक से अधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों के पंजीकरण तथा विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया गया कि कॉमन सर्विस सेंटर, पंचायत सहायकों, ग्राम पंचायत सचिवों, डाटा एंट्री ऑपरेटरों और अन्य पंचायत स्तरीय कर्मचारियों के माध्यम से ग्राम स्तर तक अभियान को प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में बताया गया कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, स्वयंसेवी गतिविधियों, अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, छात्रवृत्तियों तथा अन्य युवा-केंद्रित कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलता है। विकसित भारत युवा संवाद, युवा संसद, युवा महोत्सव और विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज जैसे कार्यक्रमों की भी जानकारी साझा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सघन पंजीकरण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को 15 अगस्त पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 26 जुलाई को प्रस्तावित वाइब्रेंट विकसित ग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment