<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, July 24, 2026

बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तटबंधों का किया निरीक्षण


बस्ती। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शुक्रवार को विभिन्न तटबंधों एवं बाढ़ बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अयोध्या बाईपास के पास एनएचएआई के निर्माण कार्य के कारण मुख्य नदी की धारा टेढ़ी नदी की ओर मुड़ने से बढ़े जल प्रवाह का जायजा लेते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान भौसिया पंप नहर के अपस्ट्रीम क्षेत्र में बढ़े जल दबाव तथा ग्राम पकड़ी संगम, अर्जुनपुर के पास लगभग तीन किलोमीटर नीचे हो रही जमीनी कटान का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ खंड की टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। कटान स्थल तटबंध से लगभग 300 मीटर दूर है और फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने काशीपुर–दुबौलिया, विक्रमजोत–धुसवा तथा कटरिया–चांदपुर तटबंधों का निरीक्षण किया। विक्रमजोत–धुसवा परियोजना का प्रस्तावित कार्य पूर्ण मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि नदी की धारा बदलने से कटान पर प्रभावी नियंत्रण हो गया है। अन्य सभी तटबंधों की स्थिति भी सामान्य और सुरक्षित पाई गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिजर्व स्टॉक सामग्री, बाढ़ चौकियों और बाढ़ शरणालयों की व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे सतर्क निगरानी बनाए रखने, समय पर सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages