वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से संयुक्त वाहनों, ई-रिक्शा, ऑटो तथा मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान काली मंदिर तिराहे पर बिना पंजीकरण, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित ई-रिक्शा एवं ऑटो की जांच की गई। कुल 310 ई-रिक्शा और ऑटो की जांच में 19 वाहन बिना फिटनेस, 14 बिना पंजीकरण तथा 17 चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न धाराओं में 142 ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों का चालान भी किया गया।
इसी क्रम में मॉडिफाइड साइलेंसर और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) की जांच के लिए भी अभियान चलाया गया। 167 वाहनों की जांच में मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 5 तथा बिना नंबर प्लेट वाले 6 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज किया गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर शहर क्षेत्र में कुल 910 वाहनों का चालान करते हुए 52 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment