महादेवा (बस्ती)। श्रावण मास शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन क्षेत्र के प्रसिद्ध बेहिल नाथ शिव मंदिर का परिसर और वहां तक जाने वाले संपर्क मार्ग बदहाल सफाई व्यवस्था की तस्वीर पेश कर रहे हैं। मंदिर परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी, कूड़े के ढेर, जलभराव और उगी झाड़ियों से श्रद्धालुओं व ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो श्रावण मास में जलाभिषेक के लिए आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों के अनुसार मंदिर परिसर की लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। गंदगी और जलभराव से दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रावण मास में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर और संपर्क मार्गों की स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सफाई व्यवस्था में सुधार न होने से नाराज ग्रामीण अब मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि श्रावण मास शुरू होने से पहले मंदिर परिसर, संपर्क मार्ग और आसपास के क्षेत्र की विशेष सफाई कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की निगाहें अब प्रशासन पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या श्रावण मास से पहले बेहिल नाथ शिव मंदिर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जाएगा, या फिर आस्था का यह प्रमुख केंद्र गंदगी के बीच ही श्रद्धालुओं का स्वागत करेगा।

No comments:
Post a Comment