बस्ती। भारतीय जनता पार्टी बस्ती संगठन ने युवाओं से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से 'जेन-जेड संवाद' अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कटरा स्थित लक्ष्य एकेडमी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर किया।
कार्यक्रम में युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं और नीट परीक्षा से जुड़ी समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों को जिलाध्यक्ष के समक्ष रखा। विवेकानंद मिश्र ने छात्रों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिया।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील करते हुए कहा कि अपनी न्यायसंगत मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाएं, लेकिन किसी भी भ्रामक प्रचार या राष्ट्रविरोधी गतिविधि से दूर रहें। उन्होंने कहा कि देश का युवा भारत की सबसे बड़ी शक्ति है और उसकी सकारात्मक ऊर्जा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों तथा कोचिंग संस्थानों में जाकर युवाओं से संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान के लिए पहल करेंगे।
इस अवसर पर युवा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विद्यामणि सिंह, जिला महामंत्री अमित वर्मा, नीरज त्रिपाठी, गौरव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment