वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। बस्ती-रुधौली मार्ग स्थित दसिया में निर्माणाधीन इथेनॉल फैक्ट्री को पर्यावरण के अनुकूल न मानते हुए स्थानीय किसानों एवं नागरिकों का विरोध तेज हो गया है। किसान सभा के संयोजक केशव राम चौधरी के नेतृत्व में खेत मजदूर यूनियन, सीटू और माकपा के नेताओं ने क्षेत्र का दौरा कर निर्माणाधीन फैक्ट्री, प्रशासन के दावों तथा किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
दौरे के दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई पर्यावरणीय चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर सभी बिंदुओं पर आपसी चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
किसान सभा, खेत मजदूर यूनियन, सीटू और माकपा नेताओं ने आंदोलनरत किसानों एवं नागरिकों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए प्रशासन से उनकी मांगों का समाधान करने की अपील की। प्रतिनिधियों ने 14 जुलाई को प्रस्तावित स्थानीय नागरिकों के प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलन को समर्थन देने पर भी सहमति जताई।
दौरे में शेषमणि, ध्रुव चंद्र, के.के. तिवारी, नरसिंह भारद्वाज, विजय नाथ तिवारी, शिव चरण निषाद, रामजी, नवनीत यादव, परशुराम, राम सहाय, विजेंद्र सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment