<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, July 14, 2026

सुबह छह बजे बभनान पहुंचे सीआरओ, सफाई, अतिक्रमण और निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। जनपद को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती मंगलवार सुबह छह बजे नगर पंचायत बभनान पहुंचे और नगर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों का पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण तथा विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उपजिलाधिकारी राजेश यादव, मंडल कार्यक्रम प्रबंधक अमरेन्द्र प्रताप सिंह एवं नगर पंचायत बभनान की अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने नालियों की सफाई, अतिक्रमण और अन्य स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन सीसी सड़क का निरीक्षण कर गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।

भ्रमण के दौरान अधिकांश स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन कुछ नालियों में गंदगी पाए जाने पर मुख्य राजस्व अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को विशेष अभियान चलाकर बरसात के मौसम में सभी नालियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

बाजार क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित मिलने पर प्रशासन ने तत्काल अतिक्रमण हटवाकर आवागमन सुचारु कराया। मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि सड़क और फुटपाथ आम जनता की सुविधा के लिए हैं और उन पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपजिलाधिकारी राजेश यादव ने भी नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने नगर पंचायत के एमआरएफ सेंटर का भी जायजा लिया। केंद्र पूरी तरह संचालित न मिलने पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह को एक सप्ताह के भीतर इसे शुरू कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर कार्य करना होगा।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages