बस्ती। जनपद सिंचाई बन्धु की बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में उपाध्यक्ष सिंचाई बन्धु गजेन्द्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में किसानों को समय पर सिंचाई जल, खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए गजेन्द्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा किसानों की आय में वृद्धि करना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार खरीफ सीजन में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर नहरों के माध्यम से अधिक से अधिक सिंचाई जल उपलब्ध कराएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए नलकूप खण्ड के सहायक अभियंता को वित्तीय वर्ष 2025-26 का मदवार व्यय विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता सरयू नहर खण्ड-4 एवं नोडल अधिकारी दिनेश मोहन ने बताया कि जनपद में 360 क्यूसेक क्षमता से नहरों में पानी छोड़ा गया है तथा 39 टेल फीडिंग कर किसानों तक सिंचाई जल पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चन्द्र सोनकर ने सरयू नहर खण्ड-3 के जेई द्वारा नहर संचालन संबंधी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर न देने पर नाराजगी व्यक्त की और अगली बैठक तक सभी समस्याओं का समाधान कर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने बताया कि डीबीटी के माध्यम से पंजीकृत किसानों को अब तक 27.1 कुंतल अरहर, 7.92 कुंतल सांवा तथा 11.10 कुंतल धान बीज का वितरण किया गया है। आत्मा योजना के तहत 8.4 कुंतल धान बीज प्रदर्शन के लिए पात्र किसानों को उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में मोटे अनाज के रकबे को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा 57,800 मीट्रिक टन उर्वरक लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 50 प्रतिशत उर्वरक का वितरण हो चुका है। जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि आगामी 22 जुलाई से जनपद के लगभग दो लाख पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
बैठक का संचालन सहायक अभियंता सरयू नहर खण्ड-4 अजय कुमार ने किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जवाहर लाल वर्मा, विधायक महादेवा प्रतिनिधि फूलचन्द्र श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी डा. बाबूराम मौर्य, नलकूप एवं विद्युत विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment