वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने मंगलवार को बस्ती में आयोजित प्रेस वार्ता में निषाद समाज के आरक्षण को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले महीने से पूरे उत्तर प्रदेश में 'निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा' निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान निषाद समाज के लोग गंगाजल हाथ में लेकर "आरक्षण नहीं तो वोट नहीं" का संकल्प लेंगे।
होटल महारानी में आयोजित प्रेस वार्ता में मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज को अब अपने अधिकारों और वास्तविक राजनीतिक विरोधी की पहचान करनी होगी। उनका कहना था कि समाज का संघर्ष केंद्र सरकार से है, जिसने अब तक निषाद समाज को आरक्षण नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण मिल जाता है तो समाज उसका समर्थन करेगा, अन्यथा लोकतांत्रिक तरीके से अपना जनादेश देगा।
मुकेश सहनी ने दावा किया कि निषाद समाज बड़ी संख्या में विकासशील इंसान पार्टी के साथ जुड़ रहा है और अब अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक समाज को उसका न्यायोचित अधिकार नहीं मिल जाता।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद को निषाद समाज के मुद्दों पर सार्वजनिक लाइव डिबेट की खुली चुनौती दी। साथ ही कहा कि यदि डॉ. संजय निषाद वास्तव में समाज के हितैषी हैं तो भाजपा छोड़कर 'इंडिया' गठबंधन में आएं। उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी, अखिलेश यादव और गठबंधन के अन्य नेताओं से बातचीत कर उन्हें सम्मानजनक राजनीतिक भागीदारी दिलाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी जसपाल निषाद, इंजीनियर राजबहादुर निषाद, पंकज निषाद सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment