बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सोनहटी बुजुर्ग गांव में ग्राम प्रधान के बेटे के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए डीआईजी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। साथ ही कई नामजद आरोपियों के नाम मुकदमे से हटाए जाने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित गुलाम हुसैन ने डीआईजी और एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 4 जुलाई को उनके पुत्र सद्दाम हुसैन पर गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान दूसरे पुत्र अफजल हुसैन सहित अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। उनका दावा है कि पूरी घटना मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हुई है, जिसका वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया जा चुका है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गंभीर चोटों के बावजूद पुलिस ने मामले में हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उनका कहना है कि घटना में शामिल कई आरोपियों के नाम भी मुकदमे से हटा दिए गए, जबकि उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं।
पीड़ित ने मांग की है कि गांव के सलाहुद्दीन, शहाबुद्दीन उर्फ ऐनुद्दीन पुत्रगण जलालुद्दीन, जमाल अहमद पुत्र याकूब, अब्दुल्लाह पुत्र अली हुसैन सहित अन्य पांच आरोपियों के नाम मुकदमे में शामिल कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
गुलाम हुसैन ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं तथा उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित आरोपियों की होगी।
पीड़ित ने डीआईजी और पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा मुकदमे में छूटे हुए आरोपियों के नाम जोड़ने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment