गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी महानगर गोरखपुर के तत्वावधान में भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती सोमवार को महानगर के सभी दस मंडलों और बूथ स्तर पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संगोष्ठियों का आयोजन, पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ-साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया।
बेनीगंज स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के नेतृत्व में डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान बृजेश मणि मिश्रा, डॉ. गिरिजेश दत्त पांडेय, अमित कुमार श्रीवास्तव, उमेश अग्रहरी, कृष्ण मोहन सिंह, शिवम पाण्डेय, आनंद अग्रहरि, विपुल, जितेन्द्र निषाद सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसी प्रकार गीता नगर, बिस्मिल नगर, दीनदयाल नगर, मालवीय नगर, गोरक्ष नगर, राप्तीनगर, भवापार, खोराबार एवं मिर्जापुर मंडलों सहित महानगर के सभी दस मंडलों में बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए गए। झरना टोला गायत्री नगर में महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, महानगर मंत्री अनुपमा पाण्डेय, मनोज अग्रहरी एवं मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने वृक्षारोपण कर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रमों में आयोजित संगोष्ठियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने अनुच्छेद-370 का प्रबल विरोध किया तथा "एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे" का उद्घोष कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। जम्मू-कश्मीर के लिए अलग संविधान का उन्होंने दृढ़ता से विरोध किया और अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जन्मदिवस के अवसर पर पूरे महानगर में बूथ स्तर तक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रमों में महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment