गोरखपुर। बरेली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को बेहतर रेल संपर्क से जोड़ने वाली तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार हरी झंडी दिखाकर शुरू किया गया।
इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी, देवेंद्र फडणवीस, रवनीत सिंह, जितिन प्रसाद तथा अजय टम्टा भी मौजूद रहे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए टनकपुर-नांदेड एवं नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस शुरू की गई हैं। साथ ही टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा को शाहजहाँपुर तक विस्तारित किया गया है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल में तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं और लगभग 99.6 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। सामान्य यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हजार नए द्वितीय श्रेणी कोच बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 4 हजार कोच पहले ही ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु बनेगी। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस से धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को नया बढ़ावा मिलेगा।
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि इन ट्रेनों के संचालन से सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है और अब श्रद्धालु सीधे गुरु गोबिंद सिंह की पावन धरती नांदेड पहुंच सकेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का भी आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि शाहजहाँपुर तक ट्रेन विस्तार और टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस के संचालन से पीलीभीत सहित पूरे क्षेत्र के यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटन को बड़ा लाभ मिलेगा।
समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने नई रेल सेवाओं के लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। टनकपुर में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अतिथियों का स्वागत किया।

No comments:
Post a Comment