<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, July 6, 2026

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर बोले सुदामा, 13 जुलाई को दोहरी टोल व्यवस्था के खिलाफ होगा प्रदर्शन

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


हर्रैया (बस्ती)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर हर्रैया ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय 'सुदामा' ने जनपद बस्ती में कथित दोहरी टोल व्यवस्था के खिलाफ जनआंदोलन छेड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 13 जुलाई को उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कार्यप्रणाली के विरोध में ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा दोहरी टोल व्यवस्था समाप्त करने की मांग उठाई जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिवचरन जैसवाल ने तथा संचालन मंडल मंत्री रबी पाण्डेय ने किया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता राम सिंगार ओझा, मंडल प्रभारी राजेश त्रिपाठी, जिला मंत्री विनय भरद्वाज, पूर्व जिला मंत्री कुंवर आनंद प्रताप सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अपने संबोधन में चन्द्रमणि पाण्डेय 'सुदामा' ने कहा कि भारतीय जनसंघ और भाजपा ने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने "एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे" के संकल्प के लिए मंत्री पद का त्याग किया और जम्मू-कश्मीर की परमिट व्यवस्था का विरोध करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने उस वैचारिक धारा को आगे बढ़ाया, जिसका परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 और 35-ए की समाप्ति के रूप में सामने आया।

सुदामा ने आरोप लगाया कि अयोध्या-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 40 किलोमीटर की दूरी में दो टोल प्लाजा संचालित किए जा रहे हैं, जबकि सामान्य मानक 60 किलोमीटर का है। उन्होंने कहा कि चौकड़ी टोल प्लाजा की भूमि और टोल वसूली प्रक्रिया को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय वाहन चालकों के साथ समान नियम लागू न होने और भेदभावपूर्ण व्यवहार से जनता में असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है, लेकिन कुछ अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यदायी संस्थाओं की मनमानी से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 13 जुलाई को प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होकर जनहित की इस लड़ाई को मजबूत बनाने की अपील की।

इस अवसर पर मंडल महामंत्री शक्तिदीप पाठक, अंकुर सिंह, वेद प्रकाश त्रिपाठी, गीता गुप्ता, शरीन खान, जगदम्बा गुप्ता, रामजी सोनी, अरुण सिंह, बृजेश चौहान, आनंद प्रताप सिंह, संतोष मोदनवाल, रोहित त्रिपाठी, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages