वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
महादेवा, बस्ती। बोकनार-भिटहा मार्ग से मुरादपुर उर्फ बेलराई, सेमरा, डड़वा लगुनी होते हुए बस्ती-महुली मार्ग के नरौली संपर्क मार्ग को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क की जर्जर हालत और बीच मार्ग में खड़े विशाल पीपल के पेड़ के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुरादपुर उर्फ बेलराई से सेमरा-डड़वा लगुनी की ओर जाने वाले खड़ंजा मार्ग पर सड़क के बीचों-बीच पीपल का पेड़ होने से आधी सड़क ही आवागमन के लिए बची है। दूसरी ओर खेत तथा लगातार बारिश के कारण सड़क किनारे गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
इस मार्ग से प्रतिदिन दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ कई स्कूल वाहनों का भी आवागमन होता है। सड़क संकरी होने और किनारे बने गहरे गड्ढे के कारण वाहन चालकों को बेहद सावधानी से गुजरना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों को लेकर आने-जाने वाले वाहनों के लिए यह मार्ग अधिक जोखिमपूर्ण हो गया है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, सड़क के बीच मौजूद पीपल के पेड़ से उत्पन्न अवरोध का स्थायी समाधान निकाला जाए तथा बरसाती गड्ढे को भरवाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

No comments:
Post a Comment