वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद के सभी थानों द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत महिला सुरक्षा के साथ-साथ सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, आत्मरक्षा के उपायों और उनके अधिकारों की जानकारी दी। विभिन्न गांवों में चौपाल एवं बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान का भरोसा दिलाया गया।
थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बरईटोला और भिटवा, महिला थाना द्वारा मेहंदावल बाईपास, थाना महुली के ग्राम मानपुर, धनघटा के शिवापार व उदहा, मेहंदावल के ठाकुरद्वारा, बखिरा के हारापट्टी तथा धर्मसिंहवा के हाकिमराई, मेंहदूपार और कसया गांवों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को शासन की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने संवाद सत्र के माध्यम से महिलाओं को हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, बाल सहायता 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में निडर होकर शिकायत दर्ज कराने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment