वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। साइबर अपराध रोकथाम के लिए साइबर मुख्यालय लखनऊ द्वारा चलाए जा रहे 'साइबर वज्र' अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम बस्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो मोहरें तथा एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना साइबर क्राइम में दर्ज मुकदमा संख्या 17/2026, धारा 319(2), 318(4) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत विकास चौधरी उर्फ कार्तिक, राज यादव और महेन्द्र चौधरी उर्फ सत्या को अमहट पुल से फोरलेन जाने वाली सड़क पर अमहट पुल से करीब 200 मीटर आगे गिरफ्तार किया गया।
मामले में जिनवा निवासी जन सेवा केंद्र संचालक संदीप वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 और 27 अप्रैल 2026 को चार युवक अपनी माताओं और परिजनों के इलाज की मजबूरी बताकर उनके बिजनेस क्यूआर कोड पर क्रमशः 20,400 और 30,550 रुपये ट्रांसफर कर उनसे कुल 50,950 रुपये नकद ले गए। बाद में उक्त धनराशि उनके खाते में होल्ड हो गई। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गिरफ्तार विकास चौधरी के पास से एक इनफिनिक्स मोबाइल, दो मोहरें और 500 रुपये, राज यादव के पास से एक वीवो मोबाइल और 300 रुपये तथा महेन्द्र चौधरी के पास से 200 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम शिकायतकर्ता के सीएसपी खाते में मंगाकर नकद निकाली गई थी, जिसे बाद में आपस में बांट लिया गया।
पुलिस फरार आरोपी अभिजीत शर्मा की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment