वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जनपद बस्ती में शनिवार और रविवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी (यातायात) कुलदीप यादव के पर्यवेक्षण तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में संचालित किया गया।
दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीमों ने मड़वानगर टोल प्लाजा सहित जनपद के विभिन्न टोल टैक्स बूथों पर सघन वाहन चेकिंग की। इस दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर, ट्रिपल राइडिंग, सीट बेल्ट और हेलमेट नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइज़र मशीन से जांच की गई। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। वहीं ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न और नियमों के विरुद्ध लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर को मौके पर ही हटवाकर संबंधित वाहनों का चालान किया गया।
इसके अलावा दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग करने वालों, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों तथा चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले चालक एवं सहयात्रियों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाएं, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें तथा किसी भी स्थिति में शराब पीकर वाहन न चलाएं। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित सफर ही आपके और आपके परिवार की खुशियों का आधार है।

No comments:
Post a Comment