<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, July 5, 2026

समृद्धि फाउंडेशन ने जरूरतमंद बहन की शादी में निभाई बड़ी जिम्मेदारी, गृहस्थी का संपूर्ण सामान किया भेंट

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


मुजफ्फरपुर। समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए समृद्धि फाउंडेशन, मुजफ्फरपुर ने एक जरूरतमंद बहन की शादी में उल्लेखनीय सहयोग कर सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था ने आर्थिक सहायता के साथ नवविवाहिता के नए गृहस्थ जीवन की सुखद शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू एवं वैवाहिक सामग्री सम्मानपूर्वक भेंट की।

विदाई के अवसर पर फाउंडेशन ने दुल्हन को 21 साड़ियां, एक आकर्षक भारी लहंगा, ज्वेलरी सेट, चांदी की पायल, बिछिया, सोने की नथिया सहित कई आवश्यक उपहार प्रदान किए। इसके अलावा गृहस्थी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मिक्सी, आयरन, बाल्टी सेट, चुनरी, ट्रॉली बैग, संपूर्ण मेकअप किट तथा एक बोरी चावल और एक बोरी आटा भी उपलब्ध कराया गया। संस्था के इस सहयोग से जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।

इस अवसर पर समृद्धि फाउंडेशन की संस्थापिका स्मृति सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और खुशियां लाना है। उन्होंने बताया कि समृद्धि फाउंडेशन वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है। भविष्य में भी किसी जरूरतमंद बहन को सहायता की आवश्यकता होने पर संस्था हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।

स्मृति सिंह ने समाज के सक्षम एवं जागरूक लोगों से भी अपील की कि वे जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि आर्थिक अभाव किसी बेटी या बहन की शादी में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि सामाजिक सहभागिता और संवेदनशीलता ही एक सशक्त एवं समरस समाज की नींव है।

इस सेवा कार्य को सफल बनाने में संस्था के कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में प्रभात कुमार ठाकुर, विशाल चंद्रवंशी, राहुल शर्मा, नवजीत सिंह, अभिषेक राज, पूजा कुमारी, तुलसी सिंह, वेद प्रकाश, सुमीत, गौतम और भोलू सागर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित दंपति को सुखद, सफल एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समृद्धि फाउंडेशन का यह प्रयास समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बनकर सामने आया है, जो यह संदेश देता है कि सामूहिक प्रयास से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और मुस्कान लाई जा सकती है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages