वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. राम सुभाष वर्मा के नेतृत्व में सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांधी कला भवन स्थित बापू प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह कर राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशनरत सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार, पेपर लीक, युवाओं के मुद्दों तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
सत्याग्रह के बाद डॉ. राम सुभाष वर्मा ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का अनशन युवाओं की आवाज है और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उनका कहना था कि देश के विकास के लिए युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना और उनकी समस्याओं का समाधान आवश्यक है।
जिला प्रभारी कुलदीप जायसवाल, सह प्रभारी पतिराम आजाद तथा महिला विंग की जिलाध्यक्ष मिथलेश भारती ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि युवाओं की न्यायोचित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन करने वालों के दमन पर रोक लगनी चाहिए।
राष्ट्रपति को भेजे गए चार सूत्रीय ज्ञापन में सोनम वांगचुक एवं युवाओं पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराने, पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाने, युवाओं के लिए रोजगार के स्थायी अवसर सुनिश्चित करने तथा जंतर-मंतर सहित अन्य स्थानों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार की रक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है।
इस अवसर पर रामसजन सूर्यवंशी, चंद्रभान कन्नौजिया, आशीष जायसवाल, पुनीता उपाध्याय, अब्दुल कयूम, वीरेंद्र कुमार यादव, उमेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment