वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) उत्तर प्रदेश (पूर्वी क्षेत्र) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए आशीष कुमार श्रीवास्तव को जनपद बस्ती का जिला समन्वयक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राज्य समन्वयक डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह द्वारा जारी पत्र के माध्यम से की गई है। उनके नेतृत्व में जनपद में विज्ञान आधारित गतिविधियों, शिक्षक उन्मुखीकरण, छात्र परियोजनाओं तथा जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन कराया जाएगा।भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद की प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. रश्मि शर्मा ने भी शिक्षा विभाग से इस अभियान के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का अनुरोध किया है। उन्होंने विद्यालयों की अधिकतम भागीदारी, विद्यार्थियों के पंजीकरण, शिक्षक प्रशिक्षण और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग पर विशेष बल दिया है।
इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय "सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार" रखा गया है। इसके अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण, खाद्य, कृषि एवं स्वास्थ्य तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली जैसे विषयों पर छात्र अपनी विज्ञान परियोजनाएं तैयार करेंगे। प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर तथा 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के सीनियर विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
अपर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने इस नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे जनपद में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि आशीष श्रीवास्तव आईआईटी गांधीनगर एवं आईआईटी कानपुर में विभागीय प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, जिसका लाभ जनपद को मिलेगा। आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि शीघ्र ही विज्ञान शिक्षकों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा पंजीकरण संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला समन्वयक टीम विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहायता करेगी।

No comments:
Post a Comment