<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, July 22, 2026

भूजल सप्ताह के समापन पर जल संरक्षण का दिलाया संकल्प

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


संत कबीर नगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर 16 से 22 जुलाई 2026 तक मनाए गए भूजल सप्ताह के समापन अवसर पर जिला मुख्यालय में पेयजल एवं स्वच्छता विषयक कार्यशाला आयोजित की गई। परियोजना निदेशक डीआरडीए विजयंत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल, जल जनित बीमारियों से बचाव तथा जल जीवन मिशन-हर घर जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत अधिशासी अभियंता जल निगम ने जल के विवेकपूर्ण उपयोग, हर घर जल योजना से उपलब्ध पेयजल का केवल पीने के लिए उपयोग करने तथा जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाने के संदेश के साथ की। उन्होंने जल जनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। कार्यशाला में एफटीके (फील्ड टेस्ट किट) के माध्यम से जल परीक्षण का प्रदर्शन कर सुरक्षित पेयजल की पहचान की जानकारी भी दी गई।

सहायक अभियंता लघु सिंचाई ने दैनिक जीवन में जल बचत के उपायों पर प्रकाश डालते हुए वाहन धोने में पाइप के बजाय बाल्टी के उपयोग, वर्षा जल संचयन प्रणाली अपनाने तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। जिला उद्यान अधिकारी ने ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई योजनाओं, भूमि संरक्षण अधिकारी ने खेत तालाब योजना तथा वन विभाग के अधिकारियों ने वृक्षारोपण के महत्व की जानकारी दी।

अध्यक्षीय संबोधन में परियोजना निदेशक विजयंत सिंह ने एफटीके दीदियों को गांव-गांव में जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के प्रति जनजागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक घर में सोकपिट निर्माण तथा ग्राम प्रधानों से नालियों के अंत में फिल्टर चैंबर बनवाकर पानी को तालाबों अथवा बड़े गड्ढों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में जल निगम, लघु सिंचाई, वन विभाग, डीपीएमयू टीम, प्रयोगशाला कर्मियों, एफटीके महिलाओं, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा ग्राम प्रधानों की उपस्थिति रही। अंत में सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाकर कार्यक्रम का समापन किया गया।

No comments:

Post a Comment

Pages