वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) की बस्ती इकाई ने बुधवार को प्रेस क्लब सभागार में संगठन का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में पत्रकारिता की बदलती चुनौतियों, पत्रकारों की सुरक्षा, संगठन की मजबूती तथा अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पत्रकारिता, चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच लोगों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि उपज के प्रदेश सचिव जयंत कुमार मिश्र ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण आवश्यक है। वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण देव मिश्र ने निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। डॉ. वी.के. वर्मा ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने का दायित्व भी निभाती है। प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष अमित सिंह ने संगठन की एकजुटता को पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत बताया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार वशिष्ठ कुमार पांडेय ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में पत्रकारों से अपनी मौलिक सोच और लेखन क्षमता बनाए रखने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में डॉ. वी.के. वर्मा, विनोद उपाध्याय, अनिल सिंह और अमित सिंह को सम्मानित किया गया तथा मुख्य अतिथि जयंत कुमार मिश्र का भी अभिनंदन किया गया। संचालन महेंद्र तिवारी ने किया, जबकि अंत में जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment