बस्ती। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के आंदोलन की सफलता तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और भाकपा (माले) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। रौता चौराहा स्थित पार्टी कार्यालय पर जिला सचिव अशर्फीलाल एवं भाकपा (माले) के जिला प्रभारी राम लौट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
इस अवसर पर जिला सचिव अशर्फीलाल और जिला प्रभारी राम लौट ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर उन्होंने पूर्व में छात्रों और युवाओं के समर्थन में जिलाधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन भी सौंपा था। उन्होंने कहा कि यह जीत देशभर के छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं के अधिकारों और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र-युवा एकता को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए आंदोलन की सफलता पर खुशी व्यक्त की।
इस मौके पर सकूर आलम, रेनू बाला, रामसहाय, राजन प्रसाद, विजय यादव, विपिन, रमेश यादव, इंद्रदेव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment