वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
कलवारी, बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे चकबंजारीजोत निवासी पंकज (32) पुत्र अजीत तथा सुभाष चंद्र (39) पुत्र रामदीन मजदूरी कर छावनी क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे। दोनों जैसे ही रामजानकी मार्ग स्थित सरला गैस एजेंसी के पास पहुंचे, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कलवारी पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुभाष चंद्र की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment