<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, July 22, 2026

सपा सरकार में 'सैफई सिंडिकेट' की मनमानी चलती थी - मुख्यमंत्री योगी


गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भाजपा के गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले सपा सरकार में प्रदेश में नौकरी और सरकारी योजनाओं पर "सैफई सिंडिकेट" का कब्जा था और हर स्तर पर उसकी मनमानी चलती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्य और विकास की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस और सपा झूठा नैरेटिव फैलाकर समाज को भ्रमित करने का काम करती हैं।
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में 892 बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा की जीत के लिए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा की शरारती साजिशों तथा नकारात्मक प्रचार का बूथ स्तर पर जवाब देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सत्य, सेवा और सुशासन की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष अराजकता, गुंडागर्दी और समाज को बांटने की राजनीति करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने डॉ. भीमराव आंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल को उचित सम्मान नहीं दिया, जबकि भाजपा सरकार ने उनके योगदान को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले किसानों को भड़काने का प्रयास करता था और अब छात्रों को भ्रमित करने में जुटा है। बूथ अध्यक्षों से उन्होंने अपील की कि वे सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाएं और विपक्ष के भ्रामक प्रचार को बेनकाब करें।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "मेरा बूथ सबसे मजबूत" मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि "बूथ ही चुनाव का असली कुरुक्षेत्र है। जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव जीतेगा।" उन्होंने बूथ अध्यक्षों की तुलना सीमा पर तैनात सैनिकों से करते हुए विश्वास जताया कि बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत से वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज देश में 80 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, जिसमें न सिफारिश चली और न ही भ्रष्टाचार हुआ।
उन्होंने गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि छह लेन फ्लाईओवर शहर की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने गुरुवार को होने वाले इसके लोकार्पण समारोह में सभी नागरिकों को शामिल होने का आमंत्रण दिया और फ्लाईओवर पर सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील भी की।
सम्मेलन का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं दोनों विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages