वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। 29 जुलाई की रात बसहवा फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे को लेकर प्रसारित की जा रही कुछ खबरों पर मृतक शिवांश पाण्डेय के पिता एवं कांग्रेस नेता ज्ञानेंद्र पाण्डेय ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि घटना को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने से पहले ही बेटे को खोने के गहरे दुख से गुजर रहा परिवार और अधिक आहत हुआ है।
ज्ञानेंद्र पाण्डेय ने कहा कि कुछ समाचार माध्यमों में हादसे का कारण बाइक और कार की सीधी टक्कर बताया जा रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति इससे अलग है। उनके अनुसार, एक बाइक सवार पहले से ही सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा था। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने वाहन को अचानक दाहिनी ओर मोड़ा, जिसके बाद कार किसी भारी वाहन की चपेट में आ गई और यह दर्दनाक हादसा हुआ।
उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार और अन्य कर्मकांड से निवृत्त होने के बाद वह पुलिस अधिकारियों से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगे। उन्होंने दावा किया कि घटना के साक्ष्य के रूप में घटनास्थल से डायल 112 पर फोन करने वाले व्यक्ति की वॉयस रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है।
ज्ञानेंद्र पाण्डेय ने मीडिया संस्थानों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी दुर्घटना की खबर प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले पीड़ित परिवार से तथ्यात्मक जानकारी अवश्य लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करना न केवल पत्रकारिता की मर्यादा के विरुद्ध है, बल्कि शोकाकुल परिवार की पीड़ा भी बढ़ाता है।

No comments:
Post a Comment