वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। संसद भवन परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवान श्रीराम के चित्र के साथ कथित आपत्तिजनक व्यवहार तथा सनातन धर्म और साधु-संतों के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शास्त्री चौक (झंडा चौराहा) पर विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था और भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले ऐसे कृत्य स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप आचरण करना चाहिए तथा किसी भी धर्म और आस्था का सम्मान करना चाहिए।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म के सम्मान और सामाजिक सौहार्द के समर्थन में नारे लगाए तथा कहा कि देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का अपमान किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में भाजपा नेता प्रमोद पाण्डेय, जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा, दिलीप पाण्डेय, सत्येन्द्र सिंह, सुमन सिंह, अंकुर वर्मा, राजेन्द्र राजभर, विनय सिंह भारद्वाज, अमित गुप्ता, प्रदीप चौधरी, पल्लव श्रीवास्तव, दिव्यांशु दुबे, तारक जायसवाल, मनोज सिंह, शिव प्रसाद चौधरी, अरविन्द चौधरी, गौरव अग्रवाल, आकाश कसौधन, सलमान खान, शारद सिंह रावत, प्रफ्फुल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment