वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
महादेवा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के बारीघाट स्थित उदय एचपी गैस एजेंसी में गैस वितरण के दौरान हुए विवाद के बाद एजेंसी प्रबंधक ने आठ नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि एजेंसी में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी दी गई।
एजेंसी प्रबंधक धीरेन्द्र कुमार पुत्र राम किशोर निवासी दौलतपुर, थाना लालगंज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार 30 जुलाई को दोपहर करीब 3:20 बजे एजेंसी पर गैस वितरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बरतनिया गांव के कई महिला-पुरुष लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर एजेंसी परिसर में घुस आए।
तहरीर के अनुसार आरोपितों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद एजेंसी के कंप्यूटर, शीशे, फर्नीचर तथा अन्य सामान में तोड़फोड़ कर मुख्य कंप्यूटर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि जाते समय कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर-शराबा होने और पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने पर सभी मौके से फरार हो गए।
प्रबंधक का कहना है कि घटना से एजेंसी को आर्थिक नुकसान हुआ है और कर्मचारियों में भय का माहौल है। उन्होंने बताया कि पूरी घटना एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसकी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment